Edited By Punjab Kesari,Updated: 29 May, 2017 07:09 PM
समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज कहा कि किसानों के हितों के लिये जीवनपर्यन्त करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के दिखाये रास्ते पर उनकी पार्टी चलने के लिये कृतसंकल्प है।
लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज कहा कि किसानों के हितों के लिये जीवनपर्यन्त करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के दिखाये रास्ते पर उनकी पार्टी चलने के लिये कृतसंकल्प है।
अखिलेश यादव ने यहां चौधरी चरण सिंह की 30वीं जंयती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि वे चौधरी साहब के रास्ते पर चलकर निष्ठा और ईमानदारी के साथ जनता की सेवा में तत्पर रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों के हितों के लिए जीवनपर्यंत संघर्ष किया। समाजवादी पार्टी उनके बताए रास्ते पर चलती रही हैं।
भाजपा पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकारों ने जाति और संप्रदाय की दीवारें खड़ी कर जनता को उलझाने का काम किया है। अपराध नियंत्रण में पूरी तरह नाकाम रही है। जनता मंहगाई, बेरोजगारी से ग्रस्त है। किसान सबसे ज्यादा बेहाल है। हर रोज किसान आत्महत्या कर रहे हैं। भाजपा की नीतियां इसके लिए दोषी हैं क्योंकि वे पूंजी घरानों की हित पोषक हैं। गरीबों और कमजोर वर्ग के लिए भाजपा सरकारें संवेदनशील नहीं है। भाजपा का यह चरित्र चौधरी चरण सिंह जी की विचारधारा के विरूद्ध है।