Edited By Purnima Singh,Updated: 22 Aug, 2026 03:14 PM

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में काशी नरेश के नाम दर्ज करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन पर दूसरे व्यक्ति का नाम दर्ज किए जाने का मामला सामने आया है। प्रकरण में जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने हलका लेखपाल नीति शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है ...
भदोही : उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में काशी नरेश के नाम दर्ज करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन पर दूसरे व्यक्ति का नाम दर्ज किए जाने का मामला सामने आया है। प्रकरण में जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने हलका लेखपाल नीति शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मामला भदोही तहसील के ग्राम पंचायत फत्तूपुर क्षेत्र की जमीन से जुड़ा है।
शिकायत और प्रकरण की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच एडीएम न्यायिक को सौंपी गई थी। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद जिलाधिकारी ने लेखपाल के खिलाफ निलंबन की कारर्वाई की। जिलाधिकारी ने बताया कि संबंधित भूमि नॉन-जेड-ए श्रेणी की है और इस कारण यह उत्तर प्रदेश सरकार की संपत्ति है। उक्त जमीन की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रकरण की वास्तविक स्थिति सामने लाने और भूमि से संबंधित अभिलेखों की गहन जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। टीम पूरे मामले की जांच कर संबंधित तथ्यों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका का पता लगाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी संपत्ति से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी नीतियों के विरुद्ध कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कारर्वाई की जाएगी।