Edited By Anil Kapoor,Updated: 06 Feb, 2019 08:35 AM
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर लोकतंत्र को खतरे में डालने का आरोप लगाया। मौर्य ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें लगता है कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र खतरे में पड़ गया है।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर लोकतंत्र को खतरे में डालने का आरोप लगाया। मौर्य ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें लगता है कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र खतरे में पड़ गया है। एक संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति देश की संघीय व्यवस्था का उल्लंघन कर रहा है। यह देश के लोकतंत्र के लिए शुभ नहीं हैं। उप मुख्यमंत्री का यह बयान सीबीआई द्वारा कोलकाता पुलिस आयुक्त राजीव कुमार से पूछताछ की कोशिश के विरोध में ममता बनर्जी के धरने पर बैठने के बारे में है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री को देश को जवाब देना होगा कि क्या पुलिस आयुक्त राजीव कुमार तृणमूल कांग्रेस के नेता हैं। एक अफसर से सीबीआई पूछताछ करने गई तो उन अधिकारियों को पहले गिरफ्तार कर लिया गया और फिर सत्ता में रहते हुए धरने पर बैठने का नाटक किया गया। मौर्य ने दावा किया कि सीबीआई उच्चतम न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई करने गई थी।
उन्होंने कहा कि दरअसल, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दो अभूतपूर्व जनसभाओं में मिले जनसमर्थन को देखकर ममता बनर्जी घबरा गई हैं। बनर्जी ने पूरे सरकारी तंत्र का, अपने अपराधी तंत्र का दुरुपयोग करके महागठबंधन के नाम पर जो भीड़ इकट्ठा की थी, उससे ज्यादा भीड़ तो मोदी की सभाओं में जुटी थी। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की जनता भाजपा के साथ खड़ी हो गई है। इस देश में लोकतंत्र बनाम ‘भ्रष्ट तंत्र’ और ‘चोर तंत्र’ की लड़ाई हो रही है।