Edited By Tamanna Bhardwaj,Updated: 24 Apr, 2024 11:10 AM
उत्तर प्रदेश के बांदा से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहां शख्स ने अपनी पत्नी को तीन तलाक दे दिया, वो भी ये कहकर कि उसे भी उस...
बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहां शख्स ने अपनी पत्नी को तीन तलाक दे दिया, वो भी ये कहकर कि उसे भी उसके अब्बू की तरह तीन निकाह करने हैं। जैसे ही महिला ने पति के मुंह से यह सुना वो दंग रह गई। अब पीड़िता ने शौहर समेत ससुराल पक्ष के छह सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि पति और ससुरालीजन उसके साथ मारपीट करते हैं।
जानिए क्या है मामला?
बांदा के नरैनी थानाक्षेत्र में रहने वाली एक महिला रोते-बिलखते थाने पहुंची। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका निकाह तीन साल पहले हुआ था। पहले तो सब कुछ ठीक था, लेकिन पति और ससुराल वालों का असली चेहरा उसे धीरे-धीरे दिखने लगा। ससुराल में उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। इसी बीच पति ने उसे 3 तलाक दे दिया और कहने लगा कि उसे भी 3 शादियां करनी हैं। पीड़िता ने बताया कि अचानक ही दहेज को लेकर मांग की जाने लगी। जब तक वह कुछ समझ पाती, तब तक उसे ससुराल में मानसिक और शारीरिक तौर से प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता का कहना है कि ससुराल वालों ने पति को भड़काया और उसके हाथों उसे खूब पिटवाया।
पीड़ित महिला का आरोप है कि उसका पति उसके साथ खूब मारपीट करने लगा। ससुराल में ये सब होता देख, उसने रिश्ता बचाने के लिए अपने पति के साथ मुंबई जाने का फैसला लिया, क्योंकि उसका पति मुंबई में ही रहता था। मगर वहां भी पति उसके साथ मारपीट करने लगा। वह जरा-जरा सी बात पर पिटाई करता। ऐसे में पीड़िता ने अपने भाइयों को फोन कर दिया और वह अपने 2 साल के बच्चे को साथ लेकर अपने मायके वापस आ गई। महिला ने बताया कि बीते 15 अप्रैल के दिन उसके पति ने उसे 3 तलाक दे दिया। इस दौरान पति ने कहा, ‘मेरे अब्बू ने भी 3 शादियां की थीं। ऐसे में मुझे भी 3 शादियां ही करनी हैं।’ पीड़िता के मुताबिक, पति ने उससे कहा कि वह जो कर सकती है, कर ले, लेकिन वह 3 शादियां करेगा।
क्या कहती है पुलिस?
इस मामले में एसएचओ सुरेश सैनी ने बताया कि जमवारा गांव की रहने वाली एक महिला ने तीन तलाक का आरोप लगाया है। पीड़िता के तहरीर पर ससुराल पक्ष के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गाया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोशिश की जा रही है।