Edited By ,Updated: 23 May, 2016 08:36 AM
केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस समय अपने सबसे अच्छे दौर से से गुजर रही है। आज पार्टी की अपने और अपने सहयोगियों के बल पर देश के...
कानपुर: केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस समय अपने सबसे अच्छे दौर से से गुजर रही है। आज पार्टी की अपने और अपने सहयोगियों के बल पर देश के 15 राज्यों में सरकार में है, असम में हम सरकार बनाने जा रहे है। केरल में 2 मुख्य गठबंधनों के बीच पार्टी को 15 प्रतिशत वोट मिले, जो एक बड़ी बात है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृृत्व वाली सरकार में हर व्यक्ति की जुबान पर भ्रष्टाचार की बात होती थी लेकिन पिछले 2 सालो में मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार का शब्द भारतीय शब्दकोष से हटा दिया और अब जनता केवल विकास की बात करती है। उन्होंने कांग्रेस का बिना नाम लिए कहा कि जब परिवार का आकर्षण खत्म हो जाता है तो पार्टी को इसकी कीमत चुकानी पड़ती है। अरूण जेटली सुबह एक कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्त्ताओं को संबोधित कर रहे थे। वह शाम ग्रीन पार्क में गुजरात लायंस बनाम मुंबई इंडियन के बीच आई.पी.एल. मैच देखने कानपुर आए थे।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के समय किसी चुनावी विश्लेषक ने यह आकलन नही किया था कि भाजपा इतनी अधिक सीटे पायेंगी। लेकिन भाजपा ने कर दिखाया और इसी कारण हम और हमारे सहयोगी देश के 15 राज्यों की सरकार में हैं। जहां तक बिहार की बात है वहां तीन राजनीतिक दलों ने एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ा था।
जेटली ने कहा कि केरल में 2 बड़े मोर्चो ने चुनाव लड़ा था और उन दोनों मोर्चो के खिलाफ भाजपा अकेले लड़ी और करीब 15 प्रतिशत वोट उसके हिस्से में आए। यह बड़ी बात है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने कर्नाटक में सरकार बनाकर दक्षिण में अपनी शुरूआत की थी और अब पार्टी कर्नाटक में फिर सत्ता में आएगी। अभी वहां कांग्रेस की सरकार है। केंद्रीय मंत्री जेटली ने कहा कि 90 के दशक के बाद पार्टी इस समय ‘आल टाइम हाई’ से गुजर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुख्य विरोधी दल होने के बावजूद केंद्र सरकार के विकास के कार्यो में रोड़ा अटका रही है, इसी कारण जनता उनसे दूर होती जा रही है और लगातार उनका आधार घटता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां देश तोडऩे के नारे लगते है वहां पहुंच कर पार्टी राजनीति करती है। क्या इससे जनता कांग्रेस की तरफ आकर्षित होगी। उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार ने 10 साल के लिए देश को प्रधानमंत्री तो दिया लेकिन प्रधानमंत्री को अधिकार नहीं दिए। इसीलिए सरकार कभी निर्णय लेने की स्थिति में नहीं रही। इसी वजह से देश में भ्रष्टाचार बढ़ा।
मोदी के 2 साल पूरे होने पर उन्होंने कहा कि 2 साल पहले भ्रष्टाचार के मामले आम जनता की जबान पर होते थे लेकिन पिछले 2 सालों में भ्रष्टाचार शब्द को मोदी ने देश की डिक्शनरी से ही हटा दिया है। मोदी सरकार ने 2 साल में तेजी से निर्णय लिए और उन्हें क्रियान्वित भी किया जा रहा है और यह बात विरोधी भी मान रहे हैं।
सरकार के प्रयासों से भारत इन 2 सालों में सबसे तेजी से बढऩे वाली अर्थव्यवस्था बन गई है और सरकार के कामों से हमें उम्मीद है कि हम और तेजी से आगे बढ़े़ंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश चुनाव की तैयारियों के लिए कार्यकर्त्ता जुट जाएं और अगले वर्ष उत्तर प्रदेश में जीत का परचम लहराएं। उन्होंने कार्यकर्त्ताआे से केंद्र सरकार के अच्छे कामों को जनता के बीच ले जाने को कहा।