Edited By prachi,Updated: 11 Feb, 2019 05:32 PM
केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के बगहा में 366.62 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित किया। उन्होंने लोगों को आह्वान किया कि वे जात-पात की राजनीति से ऊपर...
बगहाः केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के बगहा में 366.62 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित किया। उन्होंने लोगों को आह्वान किया कि वे जात-पात की राजनीति से ऊपर उठकर विकास की राजनीति में अपना अहम योगदान दें।
नितिन गडकरी ने कहा कि बिहार में तीन लाख 60 हजार करोड़ रुपए का कार्य उनका मंत्रालय करा रहा है, जिससे राज्य का बहुमुखी विकास होगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत आज आठ लाख करोड़ रुपए का कच्चा तेल आयात कर रहा है और इस आर्थिक बोझ को कम करने के लिए सभी चीनी मिलों को गन्ने से पर्याप्त मात्रा में इथेनॉल बनाने के लिए केन्द्र की मोदी सरकार किसानों को प्रेरित कर रही है। उन्होंने किसानों की चर्चा करते हुए कहा कि किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाने में वैश्विक बाजार आड़े आ रहा है, जिससे सरकार को कठिनाइयां हो रही है।
गडकरी ने कहा कि पूरे देश में सस्ता परिवहन के लिए जलमार्ग का विस्तार किया जा रहा है। जलमार्ग के माध्यम से इस वर्ष 80 लाख टन माल भेजने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि उनके विभाग में आने के बाद अब तक 10 लाख करोड़ का काम हो चुका है जिससे देश में विकास की गति तेज हुयी है। समारोह को वाल्मीकिनगर के सांसद सतीश चंद्र दुबे समेत कई विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया। बगहा के विधायक राघव शरण पांडे ने धन्यवाद ज्ञापन किया और अपने विचार व्यक्त किए।