Edited By Tamanna Bhardwaj,Updated: 29 Nov, 2019 11:41 AM
उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के गजरौला क्षेत्र में तेज रफ्तार कार के पलट जाने से शादी समारोह से लौट रहे कार सवार तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि इतने ही घायल हो गए। पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को यहां यह जानकारी...
पीलीभीतः उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के गजरौला क्षेत्र में तेज रफ्तार कार के पलट जाने से शादी समारोह से लौट रहे कार सवार तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि इतने ही घायल हो गए। पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को यहां यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को पीलीभीत के पूरनपुर इलाके के सुधीर कालोनी निवासी अश्वनी उपाध्याय और अमित कश्यप अपने-अपने परिवार के सदस्यों के साथ एक विवाह समारोह में गये थे। रात करीब साढ़े 12 बजे शादी से वापस लौटते समय उनकी कार गजरौला इलाके में पिपरिया नेवदिया गांव के पास सड़क किनारे आंधी में टूटे पड़े पेड़ की डाल से टकराकर पलट गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में 32 वर्षीय अश्वनी उपाध्याय, उनकी 12 वर्षीय पुत्री नोनी और आठ साल के बेटे लव के अलावा 30 वर्षीय अमित कश्यप और उसके सात वर्षीय पुत्र गोलू की मृत्यु हो गई। दुर्घटना में तीन महिलाओं और दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गये। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि गजरौला थाना प्रभारी नरेश कश्यप पुलिस बल के अपने वाहन पर गस्त पर थे और उन्होंने कार पलटे देखा। तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। घायलों की हालत में सुधार है। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम जिले में आंधी और बारिश के दौरान पुराना पेड़ उखड़कर सड़क किनोर गिर गया था। कार के तेज रफ्तार होने के कारण यह हादसा हुआ।