Edited By Tamanna Bhardwaj,Updated: 13 Jan, 2019 05:15 PM
प्रदेश सरकार में मंत्री उपेंद्र तिवारी ने सपा-बसपा गठबंधन पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा का महागठबंधन नहीं है, यह ठगबंधन हैं, जो जनता को ठगने के लिए किया गया है, लेकिन जनता सपा और बसपा को चुनाव में वोट नहीं देगी...
लखनऊः प्रदेश सरकार में मंत्री उपेंद्र तिवारी ने सपा-बसपा गठबंधन पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा का महागठबंधन नहीं है, यह ठगबंधन हैं, जो जनता को ठगने के लिए किया गया है, लेकिन जनता सपा और बसपा को चुनाव में वोट नहीं देगी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने लूटपाट करने वालों पर अकुंश लगाने का काम किया है। गलत काम करने वाले एक-एक आदमी का जेल में जाने का समय आ गया है, इसलिए मोदी को रोकने के लिए इस तरह के गठबंधन हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 1993 में सपा और बसपा जिस स्थिति में थी, उस स्थिति में आज सपा-बसपा नहीं हैं, जबकि उस समय जिस स्थिति में भाजपा थी, आज उससे आज कहीं बेहतर स्थिति में भाजपा है। हमारी सरकार ने अपनी योजनाओं को लोगों के घर-घर तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए भाजपा पूरी तरह तैयार हैं। चाहे सपा हो या बसपा दोनों पार्टियां अपने अस्तित्व को बचाने में जुटी हुई हैं।
बता दें कि पीडब्लूडी गेस्ट हाउस पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान मंत्री ने पूर्व सीएम अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके राज में प्रदेश में खनन घोटाला हुआ और जमकर लूटपाट हुई। उन्होंने कहा कि 1989 में देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पूरे देश सर्वे कराया था, जिसमें यह सामने आया था कि दिल्ली से एक रुपया चलता है तो गांव के गरीब आदमी तक 15 पैसे पहुंचते हैं, 85 पैसे कमीशन खोरी में चले जाते है। आज दिल्ली से अगर एक रुपया चलता है, तो किसान, गरीब के खाते में सीधे एक रुपया ही पहुंचता है।