Edited By Deepika Rajput,Updated: 24 Jul, 2019 11:31 AM
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से लिंग परिवर्तन का मामला सामने आया है। यहां 4 बहनों का इकलौता भाई लड़की बन गया। अब उसने सरकारी अभिलेखों में अपना नाम और लिंग बदलवाने के लिए आवेदन किया है। इस मामले में बड़े से बड़े अधिकारी उलझ कर रहे गए हैं।
गोरखपुरः उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से लिंग परिवर्तन का मामला सामने आया है। यहां 4 बहनों का इकलौता भाई लड़की बन गया। अब उसने सरकारी अभिलेखों में अपना नाम और लिंग बदलवाने के लिए आवेदन किया है। इस मामले में बड़े से बड़े अधिकारी उलझ कर रहे गए हैं। उन्हें समझ में नहीं आ रहा कि आखिर इस समस्या का निदान कैसे करें। वहीं यह मामला हर जगह चर्चा का विषय बना हुआ है।
शरीर से पुरुष पर मन में थे महिलाओं जैसे ख्याल: राजेश
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जत नगर मंडल में तैनात राजेश पांडे को अनुकंपा के आधार पर 19 मार्च, 2003 को नौकरी मिली थी। राजेश ने बताया कि उसका शरीर तो पुरुष जैसा था, लेकिन मन में महिलाओं जैसे ख्याल आने लगे। परिजनों ने उसकी बात नहीं समझी और उसका विवाह करवा दिया। उसने अपनी पत्नी को मन में आ रहे ख्याल के बारे में बताया। जिसके बाद दोनों ने सहमति से तलाक ले लिया।
2017 में सर्जरी करवाकर किया लिंग परिवर्तन
तलाक के बाद वर्ष 2017 में उसने सर्जरी कराकर अपना लिंग परिवर्तन करा लिया और राजेश से सोनिया बन गया। धीरे-धीरे सब कुछ ठीक हो गया। राजेश ने बताया कि यात्रा के दौरान पुरुष पहचान पत्र और स्त्री का चेहरा होने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यही वजह है कि सर्विस रिकॉर्ड में नाम बदलने का आवेदन उन्होंने किया है।
क्या कहना है रेलवे के पीआरओ का?
वहीं पूर्वोत्तर रेलवे के पीआरओ चंद्र प्रकाश चौहान कहना है कि ये तकनीकी मामला है। इसके कानूनी पहलुओं को देखा जाएगा और राजेश के आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में जांच की जा रही है।