Edited By Tamanna Bhardwaj,Updated: 24 Feb, 2024 01:17 PM
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से आगे बढ़ी, जिसमें प्रियंका गांधी वाद्रा भी अपने भाई के साथ शामिल हुईं। सड़को के दोनों तरफ भारी संख्या में लोग मौजूद हैं...
मुरादाबाद: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से आगे बढ़ी, जिसमें प्रियंका गांधी वाद्रा भी अपने भाई के साथ शामिल हुईं। सड़को के दोनों तरफ भारी संख्या में लोग मौजूद हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया। प्रियंका गांधी ने संभल चौराहे पर लोगों को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि अब आप खुद देख रहे हैं कि बार-बार भाजपा की सरकार आ रही है, लेकिन यूपी समेत अन्य राज्यों में प्रदेश में बेरोजगारी और लोगों की मुश्किलें बढ़ रहीं हैं। किसान 2 साल पहले आंदोलन कर रहे थे। अब फिर से आंदोलन की राह पर हैं, तब भी उनकी सुनवाई नहीं हुई, और आज भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
खुली जीप में सवार दोनों नेताओं का उनके समर्थकों ने स्वागत किया। यात्रा में शामिल लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘राहुल गांधी जिंदाबाद', ‘प्रियंका गांधी जिंदाबाद' और ‘कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद' के नारे लगाए। इस बीच राहुल और प्रियंका जनता का अभिवादन करते नजर आए। प्रियंका गांधी सप्ताहांत में उत्तर प्रदेश के शेष चरण में यात्रा का हिस्सा बनेंगी। पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि वह मुरादाबाद से राहुल गांधी के साथ जाएंगी और अमरोहा, संभल, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस एवं आगरा होते हुए रविवार को फतेहपुर सीकरी में भी रहेंगी। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव 25 फरवरी को आगरा में यात्रा में शामिल होंगे।
कांग्रेस ने कहा है कि 26 फरवरी से एक मार्च तक यात्रा को कुछ दिन रोका जाएगा ताकि राहुल गांधी 27 फरवरी और 28 फरवरी को ब्रिटेन स्थित कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में दो विशेष व्याख्यान देने की अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को पूरा कर सकें और वह नयी दिल्ली में अन्य महत्वपूर्ण बैठकों में भाग ले सकें। दो मार्च को दोपहर दो बजे धौलपुर से एक बार फिर यात्रा शुरू होगी। इसके बाद यह मध्य प्रदेश के मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, शाजापुर और उज्जैन समेत कई जिलों से गुजरेगी। इस दौरान राहुल गांधी पांच मार्च को दोपहर दो बजे उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगे।