Edited By Punjab Kesari,Updated: 19 Nov, 2017 10:40 AM
कांग्रेस ने एक बार फिर त्रिवेंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से उत्तराखंड में मिलाने का षड्यंत्र रच रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों...
देहरादून: कांग्रेस ने एक बार फिर त्रिवेंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से उत्तराखंड में मिलाने का षड्यंत्र रच रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भेंट में इस संदर्भ में भी चर्चा हुई है।
उपाध्याय ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्र राज्य की सीमा में मिलाए जा रहे हैं। इस व्यवस्था को लेकर दोनों मुख्यमंत्रियों में बातचीत हो गई है। उनका कहना है कि त्रिवेंद्र रावत बताएं कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के साथ मिलकर किन मुद्दों पर चर्चा की। उनका कहना है कि एक बार फिर उत्तराखंड की स्थायी राजधानी का मुद्दा स्पष्ट किया जाना चाहिए। इस छोटे से प्रदेश में 2-2 राजधानियों का कोई औचित्य नहीं है।
किशोर उपाध्याय ने केन्द्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में सर्वमौसमी सड़क 2018 तक पूरी हो जाने का वायदा किया था, लेकिन अब तक इस संदर्भ में कोई कार्रवाई भी नहीं प्रारंभ हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लगता है कि केन्द्र और प्रदेश सरकार के पास चिराग है, जो पलक झपकाते इन कामों को पूरा कर देगा।