Edited By Punjab Kesari,Updated: 29 May, 2017 08:57 AM
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम (उपमुख्यमंत्री) केशव प्रसाद मौर्य ने बसपा सुप्रीमो मायावती के सहारनपुर दौरे को जांच का विषय बताया।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम (उपमुख्यमंत्री) केशव प्रसाद मौर्य ने बसपा सुप्रीमो मायावती के सहारनपुर दौरे को जांच का विषय बताया। उन्होंने कहा कि सहारनपुर दंगे से पूर्व मायावती का वहां जाना किसी भी दृष्टि से सही नहीं है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, इसके बाद मामले के असली किरदार बाहर आएंगे।
मौर्य ने कहा कि जातीय हिंसा की जहां आशंका हो और प्रशासन जाने से किसी राजनेता को मना करे तो वहां जाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मायावती के वहां जाने और वापस आने के बाद हुई घटनाएं जांच के दायरे में हैं। जांच के बाद बसपा सुप्रीमो हो या उनके भाई जो भी दोषी होगा सरकार उसके खिलाफ कड़ा एक्शन लेगी।
दूसरी तरफ कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के सहारनपुर दौरे पर मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी सुर्खियों से बाहर थे, तो सुर्खियों में रहने के लिए उन्होंने सहारनपुर का दौरा किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए प्रशासन का निर्णय उचित था। मौर्य ने बुलंदशहर की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जेवर की घटना को लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच हो रही है और परिणाम आने तक हमें इंतजार करना चाहिए।