Edited By Punjab Kesari,Updated: 26 Aug, 2017 02:50 PM
आगरा में कानून व्यवस्था का मजाक उड़ाता एक शर्मनाक मामला सामने आया है जहां....
आगराः आगरा में कानून व्यवस्था का मजाक उड़ाता एक शर्मनाक मामला सामने आया है। जहां पहले तो 2 दरिंदों ने लड़की को बंधक बनाकर 5 दिन तक उसके साथ गैंगरेप किया। इसके बाद दरिंदों ने हैवानियत की हदें पार करते हुए उसके हाथ-पैर बांधकर नहर के किनारे फेंक दिया।
बता दें कि कागारौल क्षेत्र की युवती शनिवार रात से लापता थी। इसके बाद युवती की मां ने थाने में तहरीर दी थी। जिसपर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया था। 5 दिन तक परिजन यहां-वहां भटकते रहे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।
देर शाम को युवती अचेत अवस्था में खेरागढ़ रोड स्थित नहर किनारे मिली। उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। उसे देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती की पहचान की और तत्काल इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी। आनन-फानन में युवती को एसएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात भर इलाज के बाद होश में आने पर युवती ने मां को घटना की जानकारी दी।
पीड़िता का आरोप है कि पड़ोसी गगन और पारस ने युवती को घर में ही 5 दिन तक उसको बंधक बनाकर नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया। थानाध्यक्ष राजेश पाल ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है।