Edited By Nitika,Updated: 26 Jun, 2018 12:50 PM
सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डैनी फॉर मंगलवार को अपने 2 दिवसीय दौरे के चलते उत्तराखंड आ रहे हैं। इसी के चलते प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
देहरादूनः सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डैनी फॉर मंगलवार को अपने 2 दिवसीय दौरे के चलते उत्तराखंड आ रहे हैं। इसी के चलते प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
देहरादून से मसूरी तक के रूट को किया गया डायवर्ट
जानकारी के अनुसार, सेशेल्स के राष्ट्रपति और 5 सदस्यीय शिष्टमंडल का स्वागत जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर किया जाएगा। मंगलवार को वह मसूरी के एक होटल में रहेंगे। बुधवार को राष्ट्रपति इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी के कार्यक्रम में शामिल होकर साल 2017-2019 बैच के आईएफएस प्रोबेशनर से बातचीत करेंगे। इसके बाद राज्यपाल डॉ. कृष्ण कांत पॉल के द्वारा राष्ट्रपति को लंच दिया जाएगा। इसी के चलते पुलिस कर्मचारियों को जगह-जगह पर तैनात किया गया है। इसके साथ-साथ देहरादून से मसूरी तक के रूट को भी डायवर्ट कर दिया गया है।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
बता दें कि राष्ट्रपति के दौरे के चलते मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने सोमवार को तैयारियों की समीक्षा बैठक की। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को परिवहन, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं होनी चाहिए।
जानिए सेशेल्स देश के बारे में
सेशेल्स गणराज्य हिंद महासागर में स्थित 115 द्वीपों वाला एक द्वीप समूह देश है। इस देश की जनसंख्या लगभग 90 हजार है। जनसंख्या के हिसाब से सेशेल्स दुनिया का 205वां देश है और क्षेत्रफल के हिसाब से सेशेल्स 197वां देश है। यह देश कुल 451 वर्ग किलोमीटर में फेला हुआ है।