Edited By Nitika,Updated: 18 Jun, 2018 12:28 PM
उत्तराखंड में विश्व प्रसिद्ध कैलाश मानसरोवर यात्रा का दूसरा दल रविवार को पिथौरागढ़ पहुंचा।
पिथौरागढ़ः उत्तराखंड में विश्व प्रसिद्ध कैलाश मानसरोवर यात्रा का दूसरा दल रविवार को पिथौरागढ़ पहुंचा। जानकारी के अनुसार, कुमाऊं मंडल विकास निगम पर्यटन आवास गृह में यात्रियों का स्वागत पारंपरिक छलिया नृत्य द्वारा किया गया। इस दौरान तीर्थयात्रियों ने भगवान भोलेनाथ के जयकारें लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
बता दें कि जिला प्रशासन की सलाह के बाद विदेश मंत्रालय ने यात्रा को लेकर यह निर्णय लिया था कि आगे यात्रा मार्ग खराब होने के कारण दूसरे दल के यात्रियों को पिथौरागढ़ से गुंजी तक हेलीकॉप्टर से भेजा जाना है। इसी के चलते इन यात्रियों को पिथौरागढ़ के जिला मुख्यालय में लाया गया है।
इससे पहले कैलाश मानसरोवर की यात्रा पूरी करने के बाद यात्री वापसी में पिथौरागढ़ पहुंचते थे। अब हेलीकॉप्टर से यात्रा करने के बाद यात्रियों के लिए पैदल यात्रा लगभग 33 किमी कम हो जाएगी। गुंजी के बाद सभी यात्री लिपुपास पहुंचेंगे, इसके बाद यात्री तिब्बत में प्रवेश करेंगे।