Edited By Punjab Kesari,Updated: 25 Feb, 2018 04:03 PM
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर को उत्तराखंड में शामिल करने के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के बयान से राज्य आंदोलनकारियों में भारी नाराजगी है। रामनगर में आंदोलनकारी शनिवार को सड़कों पर उतर आए तथा उन्होंने सीएम का पुतला फूंका।
नैनीताल: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर को उत्तराखंड में शामिल करने के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के बयान से राज्य आंदोलनकारियों में भारी नाराजगी है। रामनगर में आंदोलनकारी शनिवार को सड़कों पर उतर आए तथा उन्होंने सीएम का पुतला फूंका।
जानकारी के अनुसार, राज्य आंदोलनकारी रामनगर के लखनपुर चौराहे पर इक्ट्ठा हुए और उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री का पुतला-दहन किया। राज्य आंदोलनकारी प्रभात ध्यानी ने कहा कि रावत ने यूपी के सहारनपुर को उत्तराखंड में मिलाने का बयान देकर राज्य आंदोलनकारियों का अपमान किया है।
मुख्यमंत्री का बयान राज्य के लिए शहादत देने वाले आंदोलनकारियों का घोर अपमान है। सीएम को राज्य की जनता से माफी मांगनी चाहिए। आंदोलनकारी निशांत पपनै ने कहा कि भाजपा का असली चेहरा सामने आ ही गया है। अब राज्य की जनता आगामी चुनाव में भाजपा को बेनकाब करेगी। आन्दोलनकारियों ने कहा कि सरकार राज्य को तो संभाल नहीं पा रही है और सपने सहारनपुर को शामिल करने का देख रही है।