Edited By Nitika,Updated: 23 Apr, 2019 04:25 PM
उत्तराखंंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के हस्तक्षेप के बाद भी भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और देशराज कर्णवाल के साथ ही उनके समर्थकों के बीच छिड़ी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है, जिससे एक बार फिर भाजपा को असहज स्थिति में ला दिया है।
देहरादूनः उत्तराखंंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के हस्तक्षेप के बाद भी भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और देशराज कर्णवाल के साथ ही उनके समर्थकों के बीच छिड़ी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है, जिससे एक बार फिर भाजपा को असहज स्थिति में ला दिया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों विधायकों और उनके समर्थकों के बीच फिर से जुबानी जंग शुरू हो गई है। इसमें भाषा की मर्यादा का भी ख्याल नहीं रखा जा रहा है। इस स्थिति ने भाजपा को एक बार फिर से असहज स्थिति में ला दिया है। वहीं इस मामले पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा 3 दिन पहले मुख्यमंत्री के सामने मामला सुलझ गया था। दोबारा से दोनों विधायकों और उनके समर्थकों के बीच फिर से विवाद की कोई आधिकारिक जानकारी उन्हें नहीं है। अजय भट्ट ने कहा कि ऐसी कोई बात उनके संज्ञान में नहीं आई है। हो सकता है कि किसी कार्यकर्ता ने कुछ कहा हो तो इसे दिखवा लिया जाएगा। चिंता वाली कोई बात नहीं है। परिवार का मामला है।
गौरतलब है कि खानपुर से भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल के बीच लंबे समय से छिड़ी जुबानी जंग से पार्टी की खूब किरकिरी हुई है। इसके साथ ही विपक्ष ने भी इसे मुद्दा बनाया। इसे देखते हुए बीते शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने इसमें हस्तक्षेप किया। दोनों विधायकों ने मुख्यमंत्री के दरबार में कहा था कि संवादहीनता की वजह से उनके बीच कुछ गलतफहमी पैदा हो गई थी। इसके बाद से दोनों के बीच कोई विवाद नहीं रहा और वह पार्टी के लिए पुरजोर ढंग से कार्य करेंगे। दोनों विधायकों ने तब एक-दूसरे को बड़ा और छोटा भाई करार दिया। इससे लगा कि विवाद थम गया है, लेकिन कुछ घंटों बाद ही यह दोबारा शुरू हो गई।