Edited By Nitika,Updated: 31 Jan, 2019 01:30 PM
उत्तराखंड में राज्य सरकार के 3 लाख सरकारी कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आज सामूहिक अवकाश पर हैं। इस दौरान कर्मचारियों के द्वारा नारेबाजी कर प्रदर्शन भी किया जा रहा है।
देहरादूनः उत्तराखंड में राज्य सरकार के 3 लाख सरकारी कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आज सामूहिक अवकाश पर हैं। इस दौरान कर्मचारियों के द्वारा नारेबाजी कर प्रदर्शन भी किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सरकारी कर्मचारियों ने गुरुवार को सचिवालय में पहुंचकर हाजरी लगाई। इसके बाद कर्मचारियों ने एटीएम गेट पर जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। सचिवालय संघ का कहना है कि सरकार से समय पर पदोन्नति और भत्ते की मांग सहित अन्य मांगें की जा रही हैं। इसके साथ ही 4 फरवरी को एक सामूहिक रैली भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर सरकार के द्वारा कर्मचारियों की मांगों को नहीं माना गया तो राज्यव्यापी बंद की घोषणा की जाएगी।
वहीं कर्मचारियों ने बुधवार को प्रशासन से बातचीत करने के बाद स्वास्थ्य विभाग की आपातकालीन सेवाएं, एंबुलेंस, रोडवेज बसों के संचालन, विद्युत उत्पादन और वितरण से सीधे जुड़े कर्मचारियों को सामूहिक अवकाश से छूट दी है। इसके अतिरक्त अन्य सभी सरकारी कर्मचारियों से अवकाश पर जाने का आह्वान किया है।
बता दें कि कर्मचारियों के सामूहिक अवकाश के चलते पुलिस के द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।