Edited By Punjab Kesari,Updated: 26 Apr, 2018 01:11 PM
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का आगाज हो चुका है। मैदानी इलाकों में तपती गर्मी और गंगोत्री-यमुनोत्री धामों में खुशगंवार मौसम के कारण यात्रा धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लग गई है।
उत्तरकाशीः उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का आगाज हो चुका है। मैदानी इलाकों में तपती गर्मी और गंगोत्री-यमुनोत्री धामों में खुशगंवार मौसम के कारण यात्रा धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लग गई है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के शुरुआती 2 दिनों में यात्रियों के धामों में पहुंचने की रफ्तार कम थी लेकिन अब मां गंगा और यमुना के दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है।
जानकारी के अनुसार, इस बार तीर्थयात्रियों के लिए यमुनोत्री धाम के जनकीचट्टी यात्रा पड़ाव और गंगोत्री धाम के हिना यात्रा पड़ाव पर यात्रियों को बायोमेट्रिक पंजीकरण के बाद ही तीर्थधामों के लिए रवाना किया जा रहा है। हिना में पर्यटन विभाग के द्वारा पंजीकरण करवाने के लिए एक ही बायोमेट्रिक वाहन की व्यवस्था करने से तीर्थयात्रियों को लंबी कतारों में लगकर पंजीकरण काफी इंतजार के बाद करवाना पड़ रहा है।
बता दें कि चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक गंगोत्री धाम में 7379 और यमुनोत्री धाम में 9612 तीर्थयात्री बायोमेट्रिक पंजीकरण करवाकर मां गंगा और यमुना के दर्शन कर चुके है। इस बार गंगोत्री और यमुनोत्री राजमार्ग और यात्रा पड़ावों पर सरकार के द्वारा की गई व्यवस्था से तीर्थयात्री काफी खुश दिखाई दे रहे हैं।