Edited By Nitika,Updated: 24 Jan, 2019 01:33 PM
लोकसभा चुनाव से ठीक पहले हुकुम का इक्का चलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने बहन प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) को पार्टी का महासचिव बना दिया है। उनके इन फैसले से राजनीति में खलबली मच गई है।
देहरादूनः लोकसभा चुनाव से ठीक पहले हुकुम का इक्का चलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने बहन प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) को पार्टी का महासचिव बना दिया है। उनके इन फैसले से राजनीति में खलबली मच गई है। एक तरफ जहां राहुल गांधी के इस फैसले का स्वागत हो रहा है, वहीं भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है।
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कांग्रेस के इस फैसले पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवारवाद की पार्टी है। इसी के चलते भाई राहुल गांधी राष्ट्रीय अध्यक्ष, बहन प्रियंका गांधी राष्ट्रीय महासचिव और मां सोनिया गांधी कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष थी। वहीं अजय भट्ट ने कहा कि प्रियंका गांधी के आने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है और कांग्रेस इसे टक्कर नहीं दे पाएगी।
बता दें कि प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश का महासचिव बनाया गया है तो वहीं पश्चिमी यूपी में ज्योतिरादित्य कमान संभालेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल को संगठन महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है जो पहले की तरह कर्नाटक के प्रभारी की भूमिका निभाते रहेंगे। वहीं संगठन महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे अशोक गहलोत के राजस्थान का मुख्यमंत्री बनने के बाद वेणुगोपाल की नियुक्ति की गई है। उत्तर प्रदेश के लिए प्रभारी-महासचिव की भूमिका निभा रहे गुलाम नबी आजाद को अब हरियाणा की जिम्मेदारी दी गई है।