Edited By Nitika,Updated: 18 Jun, 2018 01:19 PM
उत्तराखंड में 5 सदस्यीय भारतीय पर्वतारोही दल ने गंगोत्री हिमालय क्षेत्र में भागीरथी- 2 हिमशिखर पर सफल आरोहण कर तिरंगा लहराया। दल के 3 सदस्य और एक गाइड चोटी पर पहुंचने में सफल रहे हैं
उत्तरकाशीः उत्तराखंड में 5 सदस्यीय भारतीय पर्वतारोही दल ने गंगोत्री हिमालय क्षेत्र में भागीरथी- 2 हिमशिखर पर सफल आरोहण कर तिरंगा लहराया। दल के 3 सदस्य और एक गाइड चोटी पर पहुंचने में सफल रहे हैं, जबकि 2 सदस्यों को खराब मौसम के कारण शिखर के कुछ पास से वापस लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, 3 जून को गंगोत्री की रियल एडवेंचर एजेंसी के संचालक दीपक राणा के नेतृत्व में 5 सदस्यीय पर्वतारोही दल भागीरथी-2 हिमशिखर के आरोहण पर निकला था। दल ने भोजवासा, गोमुख, नंदनवन होते हुए समुद्र सतह से 4800 मीटर की ऊंचाई पर अपर नंदनवन में बेस कैंप स्थापित किया। इयके बाद 10 जून को दल 5800 मीटर की ऊंचाई पर समिट कैंप पर पहुंचा।
अभियान दल के लीडर दीपक ने जानकारी देते हुए बताया कि मौसम खराब होने की आशंका को देखते हुए दल ने 11 जून को सुबह 3 बजे शिखर के लिए चढ़ाई करनी शुरू कर दी और दोपहर 12 बजे चोटी पर पहुंचकर तिरंगा फहराया। दल 15 जून को सुरक्षित उत्तरकाशी लौट आया है।