Edited By Anil Kapoor,Updated: 26 Jul, 2018 08:58 AM
थाना हरि पर्वत क्षेत्र के मोती कटरा के रहने वाले मामा-भांजे पत्नियों की साजिश का शिकार हो गए। पत्नियों ने दोनों को बहाने से रिश्तेदारी में भेज दिया। देर शाम वे दोनों जब लौटकर घर आए, तो घर का कीमती सामान गायब देखकर उनके होश उड़ गए।
आगरा: थाना हरि पर्वत क्षेत्र के मोती कटरा के रहने वाले मामा-भांजे पत्नियों की साजिश का शिकार हो गए। पत्नियों ने दोनों को बहाने से रिश्तेदारी में भेज दिया। देर शाम वे दोनों जब लौटकर घर आए, तो घर का कीमती सामान गायब देखकर उनके होश उड़ गए। पत्नियों की तलाश की, लेकिन उनका कुछ भी पता नहीं लग सका। पीड़ितों ने आशा ज्योति केन्द्र में शिकायत की है।
जानकारी के मुताबिक थाना हरिपर्वत क्षेत्र के मोती कटरा के रहने वाले ऑटो चालक संजय और उसके भांजे राजू की 6 महीने पहले टेढ़ी बगिया की रहने वाली सगी बहनों से शादी हुई थी। राजू भी ऑटो चलाता है। दोनों की उम्र लगभग बराबर है। दोनों एक साथ ही रहते हैं। 6 महीने से परिवार में सबकुछ ठीक ठाक चल रहा था, लेकिन दोनों बहनें मामा-भांजे को बर्बाद कर देंगी, यह उन्होंने कभी सोचा नहीं था। बात 2 दिन पहले की है। संजय और राजू जब घर पहुंचे, तो दोनों बहनें पहले से ही साजिश करके बैठी थीं। उनके घर पहुंचते ही बताया कि उनके किसी रिश्तेदार के यहां से कोई शख्स आया था। एमरजेंसी में उन्हें बुलाया है। इस पर उन दोनों ने कुछ भी नहीं सोचा और बिना कुछ सोचे-समझे रिश्तेदारी में चले गए।
उधर, दोनों बहनों ने घर में रखा कीमती सामान समेटा और फरार हो गईं। जब मामा-भांजे घर लौटकर आए, तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन दोनों ने पत्नियों को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन उनका कुछ भी पता नहीं चल सका। घर में नकदी, गहने और कीमती सामान गायब था। दोनों लोग टेढ़ी बगिया अपनी ससुराल पहुंचे तो वहां से वे लोग भी जा चुके थे। उन्हें समझ में आ गया कि शादी के नाम पर उनके साथ धोखा हुआ है। उन्होंने आशा ज्योति केंद्र में शिकायत की है।