Edited By Deepika Rajput,Updated: 19 Jun, 2019 03:21 PM
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां प्राइवेट बस और ट्रक की टक्कर हो गई। इस हादसे में 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक घायल हो गए। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 7 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है...
फतेहपुरः उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां प्राइवेट बस और ट्रक की टक्कर हो गई। इस हादसे में 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक घायल हो गए। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 7 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों को समुचित इलाज उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।
हादसा चांदपुर थाना क्षेत्र के तेंदुआरी कौह मोड़ के पास हुआ है। प्राइवेट बस फतेहपुर से वाया अमौली होकर जहानाबाद जा रही थी। इस दौरान बस व ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के वक्त बस में करीब 50 लोग सवार थे। ट्रक की टक्कर से बस के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक घायल हो गए।
घायल यात्रियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक फरार हो गए। मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है। साथ ही पुलिस ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जाहिर की।