Edited By Ruby,Updated: 24 Jul, 2018 05:07 PM
बागपत पहुंचे रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत सिंह ने आज एक बड़ा एेलान किया है। अजीत सिंह ने ऐलान किया कि वह 2019 में लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने उम्र का हवाला देते हुए कहा कि उनकी 80 साल उम्र हो गई है। लिहाजा, अब चुनाव नहीं लड़ूंगा।...
बागपतः राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत सिंह ने आज एक बड़ा एेलान किया है। उन्होंने कहा कि वह 2019 में लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। उम्र का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी उम्र 80 साल हो गई है, लिहाजा अब मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा। महागठबंधन पर बोलते हुए अजीत ने कहा कि महागठबंधन में चुनाव लड़ना हर पार्टी की मजबूरी है। इस वक्त जो कोई पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी वह समाप्त हो जाएगी।
जानकारी के मुताबिक आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने के लिए अजीत सिंह बागपत पहुंचे। पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में अजित सिंह ने कार्यकर्ता के साथ बैठक की। बताया जाता है कि इस दौरान बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। लेकिन इस बैठक में चुनिंदा कार्यकर्ताओं को ही चौधरी अजित सिंह से मिलने इजाजत दी गई।
बैठक के दौरान आरएलडी के कोई भी बड़े नेता नहीं पहुंचे। माना जा रहा है कि यह बैठक अजीत सिंह सीधे ही कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए कर रहे हैं, ताकि आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए जमीनी स्तर पर कार्य योजना तैयार की जा सके। यही वजह है कि बड़े नेताओं से मिलने के बजाय अजीत सिंह सीधे कार्यकर्ताओं से रूबरू हो रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने भाजपा और केन्द्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। हाल ही में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान संसद में राहुल गांधी द्वारा पीएम से गले मिलने पर उन्होंने कहा कि राहुल की झप्पी का पीएम नरेंद्र मोदी जवाब नहीं दे पाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि संसद में हुई डिबेट के बाद लोगों ने मान लिया है कि अब मोदी की हार तय है।