Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Jul, 2017 01:00 PM
उत्तर-प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद अपराधों में लगातार वृद्धि हुई है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्पीडऩ...
आगरा: उत्तर-प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद अपराधों में लगातार वृद्धि हुई है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्पीडऩ किया जा रहा है। उन पर झूठे मुकद्दमे लगाने और अपमानित करने का काम पुलिस कर रही है। यह कहना है सपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन का। पुलिस प्रशासन के आचरण और जनता से की गई वादा खिलाफी के खिलाफ समाजवादी पार्टी अब एक्शन मोड़ में आई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन भाजपा विधायक रानी पक्षालिका सिंह के कार्य क्षेत्र बाह विधानसभा से आवाज उठाएंगे।
एक पत्रकार वार्ता कर सपा के वरिष्ठ नेता रामजीलाल सुमन ने कहा कि बाह में स्थिति बहुत ही अधिक भयावह है। अवैध खनन, जंगलों की कटाई और अवैध शराब की बिक्री का धंधा कथित तौर पर स्थानीय पुलिस के संरक्षण में चल रहा है। लकड़ी की टालें चल रही हैं। सैंकड़ों ट्रैक्टरों से अवैध खनन किया जा रहा है।
जनपद एटा और आजमगढ़ में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद भी राज्य सरकार ने संज्ञान नहीं लिया। उच्च स्तर पर अवैध खनन की जानकारी पर जब टीमें पहुंचती हैं, तो पुलिस के हथियार छीनना और उनके साथ मारपीट की जाती है। सरकारी कर्मियों को ट्रैक्टर चढ़ाकर उन्हें जान से मारने की कोशिशें की जाती हैं। इसके बावजूद कोई सख्त कार्रवाई नहीं होती है।
सपा नेता सुमन ने कहा कि 20 जुलाई को समाजवादी पार्टी की तरफ से बाह गांधी चबूतरा पर सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे उत्पीडऩ, झूठे मुकद्दमे में फंसाने, अवैध खनन आदि मुद्दों पर अधिकारियों का घेराव किया जाएगा।