Edited By ,Updated: 03 Sep, 2016 01:15 PM
रियो ओलम्पिक खेल-2016 में अपने निशानेबाजी से देशवासियों का दिल जीतने वाले जीतू राय को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सम्मानित किया है।
लखनऊ: रियो ओलम्पिक खेल-2016 में अपने निशानेबाजी से देशवासियों का दिल जीतने वाले जीतू राय को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सम्मानित किया है। अखिलेश यादव ने शुक्रवार को यहां अपने सरकारी आवास पर जीतू राय को 10 लाख रुपये का चेक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। हालांकि इस ओलंपिक खेल में जीतू को कोई पदक नहीं मिला लेकिन वह अपने प्रदर्शन से देशवाशियों को जरूर खुश किया है।
जीतू वर्तमान में 11वीं गोरखा रेजीमेंट लखनऊ में कार्यरत हैं। इस मौके पर मध्य कमान के जीओसी मेजर जनरल विनोद शर्मा एवं सांसद डिम्पल यादव भी उपस्थित थीं।
मुख्यमंत्री ने जीतू राय को शुभकामना देते हुए कहा कि इन्होंने अपनी प्रतिभा की बदौलत विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं में कई पदक प्राप्त किए हैं। अभी इनकी उम्र कम है, इसलिए भविष्य में सम्पन्न होने वाले ओलम्पिक सहित अन्य प्रतियोगिताओं में निश्चित रूप से पदक प्राप्त कर देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने जीतू राय को कठोर परिश्रम करने एवं अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्पित रहने की सलाह दी।
ज्ञातव्य है कि राज्य सरकार ने रियो ओलम्पिक खेल-2016 में प्रतिभाग करने वाले प्रदेश के खिलाडिय़ों को 10-10 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि पुरस्कार स्वरूप देने का निर्णय लिया था, जिसके क्रम में जीतू राय को सम्मानित किया गया है।