Edited By Punjab Kesari,Updated: 03 Jan, 2018 11:32 AM
नववर्ष की शुरुआत होते ही अपराधियों ने अपराधिक वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को अपने तेवर दिखाना शुरु कर दिया है। ऐसा ही कुछ आगरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र की सरस्वती विहार कॉलोनी ..
आगरा(बृज भूषण): नववर्ष की शुरुआत होते ही अपराधियों ने अपराधिक वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को अपने तेवर दिखाना शुरु कर दिया है। ऐसा ही कुछ आगरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र की सरस्वती विहार कॉलोनी में देखने को मिला। जहां अज्ञात चोरों ने रिटायर्ड फौजी के मकान को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि अज्ञात चोर करीब 12 लाख रुपए की संपत्ति चुरा कर ले गए हैं। मकान मालिक को जब इसकी जानकारी हुई तो उसके पैरों तले जमीन निकल गई।
जानकारी के मुताबिक अभी हाल ही में डोकलाम सिक्किम में तैनात सेना के हवलदार वीरनारायण सिंह 31 दिसंबर 2017 को सेवानिवृत्त होकर अपने घर आए थे। एक जनवरी को वे सपरिवार अपने माता-पिता से मिलने गांव मसेल्या किरावली चले गए। रात्रि में कोहरा होने के कारण वहां से लौट नहीं सके। तभी अज्ञात चोरों ने घर को सूना पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोरी की घटना की जानकारी सुबह करीब 9 बजे पड़ोसियों ने फोन करके दी।
पड़ोसियों ने बताया की घर के ताले खुले होने पर आवाज दी और जबाब ना मिलने पर घर में जाकर देखा तो वारदात की गई मिली। घर के मुखिया ने आकर देखा तो घर का सारा कीमती सामान गायब था।
पीड़ित वीर नारायण सिंह ने बताया कि चोर उनके घर से 2 लाख 35 हजार रुपए की नगदी, 22 तोला सोना और 2 किलो चांदी के अलावा रजाई, गद्दे, कंबल और साड़ियों सहित घर का सारा कीमती सामान चुरा कर ले गए हैं। उनके अनुसार चोरी की गई संपत्ति की कीमत 12 लाख रुपए से अधिक है। वहीं पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है।