Edited By Anil Kapoor,Updated: 26 Sep, 2018 03:02 PM
उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड जिले में 12 अक्तूबर से शुरू हो रही आम आदमी पार्टी (आप) के तीसरे चरण की जन अधिकार पदयात्रा के माध्यम से सैंकड़ों कार्यकर्ता मोदी सरकार के राफेल घोटाले को जनता तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड जिले में 12 अक्तूबर से शुरू हो रही आम आदमी पार्टी (आप) के तीसरे चरण की जन अधिकार पदयात्रा के माध्यम से सैंकड़ों कार्यकर्ता मोदी सरकार के राफेल घोटाले को जनता तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। ‘आप’ के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में राफेल घोटाला इतिहास का सबसे बड़ा घोटाला है। देश की सुरक्षा के नाम पर घोटाला करने वाले फर्जी राष्ट्रभक्तों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।
पदयात्रा के माध्यम से मोदी सरकार की कथनी और करनी की असलियत को जनता के सामने लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार किया था। ‘आप’ भ्रष्टाचार के विरोध में मैदान में उतरी है। भाजपा भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस से भी आगे निकल गई। मन की बात करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने परममित्र अनिल अंबानी को बड़े स्तर पर लाभ पहुंचाने के लिए 36,000 करोड़ से भी ज्यादा का घोटाला कराया है। प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि 540 करोड़ का लड़ाकू विमान 1670 करोड़ में क्यों खरीदा।