Edited By Deepika Rajput,Updated: 13 Feb, 2019 05:22 PM
उत्तर प्रदेश में संगठन को चुस्त करने की कवायद में जुटीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने भाई एवं पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी की समीक्षा की। प्रियंका ने लोकसभावार मैराथन बैठकों के...
लखनऊः उत्तर प्रदेश में संगठन को चुस्त करने की कवायद में जुटीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने भाई एवं पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी की समीक्षा की। प्रियंका ने लोकसभावार मैराथन बैठकों के सिलसिले में मंगलवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे अमेठी संसदीय क्षेत्र के नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत में हर समस्या के जवाब में कहा, ‘‘मैं हूं ना, अब मैं देखूंगी।’’
सभी लोग 2019 के लिए रहिए तैयार
युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव अशोक सिंह ने बताया कि प्रियंका ने कार्यकर्ताओं से पूछा कि प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने के क्या रास्ते हैं। साथ ही कांग्रेस की प्रदेश इकाई, जिला इकाइयां, ब्लॉक और बूथ स्तर पर पार्टी संगठन कैसा काम कर रहे हैं। प्रियंका ने कहा कि आप लोग नौजवानों, बुजुर्गों, महिलाओं समेत समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलें। अब मैं आई हूं ना। मैं सबको एक साथ देखना चाहती हूं। सभी लोग 2019 के लिए तैयार रहिए।
आप जहां चाहेंगे, मैं खड़ी मिलूंगी
उन्होंने कहा कि प्रियंका को जब बताया गया कि बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोग अमेठी के गांव-गांव जाकर तरह-तरह की अफवाहें फैलाकर गुमराह कर रहे हैं कि मोदी सरकार ने क्या-क्या काम किए हैं। इस पर उन्होंने कहा कि मैं हूं ना, आप लोग तटस्थ रहिए, अब कोई गुमराह नहीं कर पाएगा। अब मैं देखूंगी। प्रियंका ने कहा कि मुझे पता चला था कि संगठन काफी समय से उतना सक्रिय नहीं है, जितना होना चाहिए। अब यह नहीं होगा, आपका बल मेरे साथ चलेगा। आप जहां चाहेंगे, मैं खड़ी मिलूंगी।
गौरतलब है कि, प्रियंका ने कल रात भर अपने प्रभार वाले लोकसभा क्षेत्रों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत का मैराथन सिलसिला जारी रखा, जो आज सुबह करीब पांच बजे खत्म हुआ। कांग्रेस महासचिव ने दोपहर करीब 12 बजे फिर बैठकों का दौर शुरू किया, जिसके देर रात तक जारी रहने की संभावना है।