Edited By Tamanna Bhardwaj,Updated: 09 Oct, 2018 02:31 PM
बुधवार से शारदीय नवरात्रों के आगमन के साथ जगत जननी जगदम्बे मैया भक्तों का कल्याण करने के लिए शेर पर सवार होकर आ रही हैं। मैया के भक्तों को तो नवरात्र का साल भर इंतजार रहता है। पूरे शहर में नवरात्र की तैयारियां चल रहीं हैं...
फर्रुखाबादः बुधवार से शारदीय नवरात्रों के आगमन के साथ जगत जननी जगदम्बे मैया भक्तों का कल्याण करने के लिए शेर पर सवार होकर आ रही हैं। मैया के भक्तों को तो नवरात्र का साल भर इंतजार रहता है। पूरे शहर में नवरात्र की तैयारियां चल रहीं हैं। मंदिरों में रंगाई-पुताई के बाद बिजली की भव्य सजावट की जा रही है। घरों में घट स्थापना की तैयारियों में महिलाएं जुटी हैं। महंगाई तो है पर भक्तों को इसे स्वीकार करने की शक्ति मैया की भक्ति से अपने आप मिल जाती है।
कल से देवी मंदिरों में विशेष पूजा-वंदना शुरू हो जाएगी। भक्तगण मां दुर्गा को मनाकर मन वांछित फल पाने की कामना लिए हुए हैं। मंदिरों में कई दिन पहले से चल रहीं तैयारियों को फाइनल टच दिया जा रहा है। मूर्तियों को सजाया गया है। मंदिरों के मठ बिजली से जगमगा रहे हैं। फर्रुखाबाद के ऐतिहासिक देवी मंदिरों में खास पूजा अर्चना और आरती की परम्परा हैं।
ऐतिहासिक गुड़गांव मंदिर के बारे में मान्यता है कि यहां गुरु द्रोणाचार्य ने गुरु ग्रामेश्वरी देवी की स्थापना की थी। ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर भी सच्चा दरबार है। यहां स्थापित मैया की मूर्ति मंदिर के पीछे स्थित तालाब से निकली थी। इसके अलावा भी सभी प्राचीन मंदिरों में सजावट का काम चल रहा है। घरों में भी नवरात्र का पूजन किया जाता है। पूजन में घट स्थापना की परम्परा है। मंदिरों की सुरक्षा के पर्याप्त पुलिस और पीएसी को लगाया गया है।