Edited By Anil Kapoor,Updated: 26 Apr, 2018 02:48 PM
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और रायबरेली में सोनिया गांधी के संसदीय प्रतिनिधि किशोरीलाल शर्मा ने कहा है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली का अगले लोकसभा चुनाव में कोई असर नहीं होगा, क्योंकि क्षेत्र की जनता सोनिया के साथ है।
नई दिल्ली\लखनऊ: कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और रायबरेली में सोनिया गांधी के संसदीय प्रतिनिधि किशोरीलाल शर्मा ने कहा है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली का अगले लोकसभा चुनाव में कोई असर नहीं होगा, क्योंकि क्षेत्र की जनता सोनिया के साथ है। बीते शनिवार को शाह ने रायबरेली का दौरा किया था। उन्होंने एक रैली को संबोधित किया था। इस दौरान कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य दिनेश सिंह भाजपा में शामिल हुए थे।
शर्मा ने कहा कि अमित शाह की रैली और दिनेश सिंह के कांग्रेस छोड़ने का आगामी लोकसभा चुनाव में रायबरेली सीट के नतीजे पर कोई असर नहीं होगा। क्षेत्र की जनता सोनिया गांधी और कांग्रेस के साथ है। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा चुनाव के बाद विरोधी दावा करते हैं कि अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस इस सीट से हार जाएगी, लेकिन हर बार हमारी नेता की जीत का अंतर बढ़ता जाता है। वर्ष 2019 में भी ऐसा ही होगा। सोनिया गांधी 2004 से रायबरेली से सांसद हैं।