Edited By Deepika Rajput,Updated: 06 May, 2018 09:20 AM
सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने सहकारिता चुनावों में भाजपा सरकार धांधली करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा राज में सारे नैतिक और विधिक मापदंडों को दरकिनार कर मनमाने तरीके से सहकारिता चुनाव कराए गए। इन चुनावों में प्रशासनिक...
लखनऊः सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने सहकारिता चुनावों में भाजपा सरकार धांधली करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा राज में सारे नैतिक और विधिक मापदंडों को दरकिनार कर मनमाने तरीके से सहकारिता चुनाव कराए गए। इन चुनावों में प्रशासनिक मशीनरी का बुरी तरह दुरुपयोग किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्षी उम्मीदवारों का पर्चा खारिज कर उन्हें चुनाव प्रक्रिया से बेदखल कर दिया गया। भाजपा ने इस तरह सहकारी संस्थाओं में अपने अध्यक्ष और प्रतिनिधि निर्विरोध की नौटंकी कर निर्वाचित कराए हैं। लोकतंत्र को मजबूत करने में सहकारिता आंदोलन की प्रमुख भूमिका है, लेकिन जिस तरह से भाजपा सरकार ने इसको कमजोर करने का तरीका अपनाया है, वह लोकतंत्र के लिए घातक है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने सहकारी संस्थाओं के चुनाव जीतने के लिए तानाशाही रवैया अपनाया है। इसे किसी भी तरह स्वीकार नहीं किया जा सकता। जब सपा सरकार थी, तो सहकारिता की संस्था को मजबूत करने के लिए निष्पक्ष चुनाव की व्यवस्था थी, जिसे भाजपा ने ध्वस्त कर दिया।