Edited By Anil Kapoor,Updated: 10 Jul, 2018 02:56 PM
उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज यूपी में न तो कानून बचा है न व्यवस्था। हर तरफ दहशत का वातावरण है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वो जेल तक में...
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यूपी मेंआज न तो कानून बचा है न व्यवस्था। हर तरफ दहशत का वातावरण है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वो जेल तक में हत्याएं कर रहे हैं। ये सरकार की बड़ी विफलता है। प्रदेश की जनता इस भय के माहौल में बहुत डरी-सहमी है। प्रदेश ने ऐसा कुशासन व अराजकता का दौर पहले कभी नहीं देखा।
यादव ने बागपत की जेल में मुन्ना बजरंगी की सोमवार को गोलीमार हत्या किए जाने की वारदात को यूपी में कानून-व्यवस्था को ध्वस्त बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस के पहरे में जेल के भीतर जब जिंदगी सुरक्षित नहीं है तो आम जनता अपने को बाहर कैसे सुरक्षित महसूस करेगी। अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं रह गया है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को अदालत में बजरंगी की पेशी थी लेकिन सुबह ही जेल के भीतर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि जेल के अन्दर हथियार पहुंचना ही अपने आप में एक बड़ा सवाल है। मुन्ना बजरंगी की हत्या के लिए जेल में हथियार कहां से आया, इसको पहुंचाने वाला कौन था। बिना जांच परख के जब कोई चीज जेल के अन्दर नहीं ले जाई जा सकती तो हथियार जेल में कैसे पहुंच गया।