Edited By Punjab Kesari,Updated: 16 Jan, 2018 12:40 PM
नोएडा के मदरसे में 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है।
नोएडा: नोएडा के एक मदरसे में 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि मदरसे के मौलवी ने बच्ची को सफाई के बहाने रोक लिया। इसी दौरान मौलाना ने उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आराेपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक बच्ची का परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और बरौला में किराए पर रहता है। बच्ची बरौला के ही एक मदरसे में पढ़ती है। यहां पूर्णिया बिहार निवासी मौलाना सलीम बच्चों को तालीम देता है।
बच्ची के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी मदरसे में पढ़ने गई थी। 4 बजे सभी बच्चों की छुट्टी हो गई। इसके बाद मौलाना ने उनकी बेटी को सफाई के बहाने रोक लिया। इसी दौरान मौलाना ने उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। इस पर बच्ची ने शोर मचा दिया। उसकी आवाज सुनकर मदरसे के बाहर मौजूद बच्चे व अन्य लोग पहुंचे। लोगों को देख आरोपी मौलवी वहां से भाग निकला।
इसके बाद बच्ची ने परिजनों को पूरी बात बताई। परिजनों ने घटना की शिकायत सेक्टर-49 थाने में पहुंचकर की। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी मौलाना के खिलाफ छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।