Edited By Anil Kapoor,Updated: 30 Nov, 2018 04:02 PM
बसपा ने आगरा लोकसभा सीट पर मनोज सोनी को प्रभारी घोषित कर दिया है। पार्टी में अब तक रही परम्परा के अनुसार यह माना जाता है कि जिसे किसी लोकसभा या विधानसभा सीट के लिए प्रभारी बनाया जाता है वह बाद में पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार होता है।
आगरा: बसपा ने आगरा लोकसभा सीट पर मनोज सोनी को प्रभारी घोषित कर दिया है। पार्टी में अब तक रही परम्परा के अनुसार यह माना जाता है कि जिसे किसी लोकसभा या विधानसभा सीट के लिए प्रभारी बनाया जाता है वह बाद में पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार होता है। आगरा सीट के टिकटार्थी दावेदारों के चेहरे जिस तरह से मनोज सोनी का नाम घोषित होने से उतर गए है, उससे तो यही लग रहा है कि मनोज सोनी ही बसपा के उम्मीदवार होंगे।
बता दें कि कालिंदी विहार स्थित पार्टी कार्यालय पर हुई बैठक में जोनल को-ऑर्डिनेटर सुनील कुमार चितौड़ ने पार्टी सुप्रीमो मायावती के आदेश पर आगरा लोकसभा सीट पर मनोज सोनी के प्रभारी बनने की घोषणा की। मनोज सोनी 2014 में हाथरस से लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। मोदी लहर में भी उन्हें अच्छे वोट मिले थे। वह दूसरे स्थान पर रहे थे।
बैठक में यह मैसेज दिया गया कि इनके लिए सभी कार्यकर्ताओं को मेहनत करनी है। यह मूलत: आगरा के निवासी हैं। बसपा में आगरा लोकसभा सीट पर कई दावेदार टिकट की लाइन में थे। बसपा सुप्रीमो के आगे अपना माथा भी टेक आए थे। जब मनोज सोनी को आगरा सीट का प्रभारी बनाने की घोषणा हुई तो सभी के चेहरे उतर गए।