Edited By Pooja Gill,Updated: 20 Jul, 2025 12:54 PM

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां पर श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। पिकअप में 25 श्रद्धालु सवार थे। इस हादसे में चार की दर्दनाक मौत हो गई...
बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां पर श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। पिकअप में 25 श्रद्धालु सवार थे। इस हादसे में चार की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 21श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के मुताबिक, बलिया के नरहीं थाना क्षेत्र के तेतारपुर गांव से 25 श्रद्धालु पिकअप वैन पर सवार होकर बाबा धाम जलाभिषेक करने जा रहे थे। बिहार के बेगूसराय में में उनकी पिकअप हादसे का शिकार हो गई। यहां पर वैन को एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में लाची देवी (45) पत्नी मुघुन राजभर और हरेंद्र राजभर (60) की मौके पर मौत हो गई। वहीं, मुघुन राजभर (48) और घुरूहू राम (45) एंबुलेंस से घर आते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मुघुन राजभर की पत्नी लाची देवी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी।
घायलों को इलाज के लिए कराया भर्ती
इस हादसे में 21 लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को हादसे की जानकारी दी और पुलिस मौके पर पहुंची। ग्राम प्रधान बृज नारायण राजभर सहित 21 घायलों को घर लाया गया और फिर उन्हें इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया। वहीं, पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।