Edited By Anil Kapoor,Updated: 06 Dec, 2018 01:17 PM
अन्तराष्ट्रीय हिन्दू परिषद (अहिप) अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने बुलंदशहर में हुई हिंसा के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि दंगा भड़काने की संभावित कोशिश के तहत हुई वारदात की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
मुरादाबाद: अन्तराष्ट्रीय हिन्दू परिषद (अहिप) अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने बुलंदशहर में हुई हिंसा के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि दंगा भड़काने की संभावित कोशिश के तहत हुई वारदात की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
तोगड़िया ने पत्रकारों से कहा कि जब एक शहर में इतनी बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग थे और इतना पुलिस बल लगा था, उसके बावजूद गौकशी की घटना कैसे हो गई। ये अपने आप में बड़ा सवाल है। निश्चित रूप से ये सब दंगा कराने के लिए हुआ है इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुस्लिम बाहुल्य जिले में वोटों का ध्रुवीकरण करने की साजिश के तहत असमाजिक तत्वों ने यह जघन्य कृत्य किया।
बुलंदशहर में घटना के बाद गांव खाली होने पर उन्होंने कहा कि अब मुगलों का शासन नहीं है। भाजपा सरकार में हिन्दू घर छोड़कर भाग रहे हैं, ये बड़ा सवाल है। जो नामजद हैं उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। न्यायालय उन्हें सजा देगा। राजनीतिक दल के गठन के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह बिलकुल सच है। अगले एक से डेढ़ महीने में राजनैतिक दल का नाम सामने आ जाएगा। अपने दल की रणनीति का खुलासा करते हुए कहा कि हर बूथ पर 25 कार्यकर्ताओं को तैनात भी किया जा चुका है। इस समय हम जमीनी संगठन खड़ा कर रहे हैं।