Edited By Tamanna Bhardwaj,Updated: 09 May, 2018 04:35 PM
उत्तर प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन बेखौफ बदमाश पुलिस को चुनौती देते हुए अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला राजधानी लखनऊ का है...
लखनऊः उत्तर प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन बेखौफ बदमाश पुलिस को चुनौती देते हुए अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला राजधानी लखनऊ का है। जहां एक मस्जिद के अंदर 60 वर्षीय केयर टेकर इम्तियाज की हत्या कर दी गई। वहीं जब मस्जिद में लोग नमाज पढ़ने आए तो वह इम्तियाज का शव देखकर दंग रह गए। उन्होंने आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच में जुट गई है।
सूत्रों के मुताबिक मूलरूप से गोरखपुर क्षेत्र के कुशीनगर का रहने वाला इम्तियाज 4 साल पहले राजधानी लखनऊ के काकोरी स्थित मस्जिद में आया था। इम्तियाज यहां राजगीर मिस्त्री का काम करने के साथ मस्जिद की देखरेख करता था। साथ ही वह सुबह की फजील की नमाज पढ़ता था। वहीं जब लोग सुबह मस्जिद में नमाज पढ़ने आए तो अंदर इम्तियाज का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। तभी उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि 60 वर्षीय इम्तियाज अली की किसी ने धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या की गई है। इस संबंध में अली अहमद ने पुलिस थाने में तहरीर दी है। जिसमें मृतक के दामाद पर हत्या का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से दामाद मृतक के साथ रह रहा था और उसका मृतक के साथ विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मृतक के दामाद की तलाश में जुट गई है।