Edited By Tamanna Bhardwaj,Updated: 24 May, 2018 06:22 PM
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य के सभी लोगों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। समाज को धमकाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी...
शामली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य के सभी लोगों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। समाज को धमकाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
योगी गुरुवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ शामली जिले में कैराना सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिये एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस सीट पर मतदान 28 मई को होना है। उन्होंने कहा कि जो समाज के लिए खतरा बनेंगे, पुलिस उनके लिए खतरा बन जाएगी। 15 महीने पहले यहां दहशत थी, अराजकता थी, बड़े अपराधी व्यापरियों से गुंडा टैक्स वसूल करते थे। हमारी बहनों के लिये जो खतरा बनेगा, पुलिस उसके लिये खतरा बनेगी। यहां के सांसद रहे स्वर्गीय हुकुम सिंह ने पलायन का मुद्दा सड़क से संसद तक उठाया।
उन्होंने कहा कि सूबे के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा प्रदान करना हमारा दायित्व है। प्रदेश में अधिवक्ताओं और आंबनबाड़ी की समस्याएं पिछली सरकार की देन है। हमारी सरकार समस्याओं का समाधान करती है। सरकार बिना भेदभाव के आगे बढ़ रही है।
योगी ने कहा कि पिछली सरकार ने मुजफफरनगर को दंगे में झोंका। प्रदेश सरकार ऐसा नहीं होने देगी। अब प्रदेश में अन्याय नहीं होगा, दंगाइयों को सिर उठाने का मौका नहीं देंगे। बिना भेदभाव भर्तियों होंगी। किसानों के लिए रॉयल्टी फ्री की है। सरकार ने कोल्हू लगाने में छूट दी है। प्रदेश से पलायन को रोका, लोगों को प्रदेश में काम देने का प्रयास कर रहे हैं। प्रजापति समाज को उचित सम्मान दिया जाएगा। प्रदेश के गन्ना किसानों को समय पर भुगतान कराया जा रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश अपराध का उद्योग बन चुका था, अब बदमाश भागे-भागे फिर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाडी कार्यकर्ताओं की समस्याओं का जल्द समाधान होगा। अगले सप्ताह उन्हें मिलने के लिए बुलाया गया है। चार लाख 68 हजार निवेश से 35 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। कांवड यात्रा को सुविधाएं दीं। इस बार यात्रा में डीजे भी बजा और शंख भी। बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ सभी तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा ही अपराध व दंगा मुक्त प्रदेश दे सकती है।