Edited By Anil Kapoor,Updated: 05 Mar, 2019 01:03 PM
कांग्रेस पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों से प्रभावित होकर व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आस्था एवं विश्वास व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज...
लखनऊ: कांग्रेस पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों से प्रभावित होकर व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आस्था एवं विश्वास व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर सांसद के समक्ष सीतापुर की बसपा से सांसद रहीं कैसर जहां तथा बसपा के लहरपुर से पूर्व विधायक जसमीर अंसारी, अफजाल हुसैन अंसारी आदि हजारों की संख्या में उनके समर्थकों ने बसपा छोड़कर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
सदस्यता ग्रहण करने के पहले पूर्व सांसद कैसर जहां एवं पूर्व विधायक जसमीर अंसारी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से नई दिल्ली में आशीर्वाद प्राप्त किया और कांग्रेस पार्टी को उप्र में अपनी पूरी ताकत के साथ मजबूत बनाने का संकल्प लिया। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता बृजेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि उक्त लोगों के अतिरिक्त लखनऊ के निवासी सीआरपीएफ के पूर्व आईजी रिटायर्ड आईपीएस आफताब अहमद खान, चैम्बर आफ कामर्स के वाइस चेयरमैन सुरेन्द्र कुमार एवं मो. फारूख खान एडवोकेट ने भी कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
राज बब्बर ने लोगों को कांग्रेस परिवार में शामिल होने पर स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा समाज के दलित, शोषित, वंचित, पीड़ित समाज की लड़ाई लड़ती रही है और आने वाले दिनों में 2019 के चुनाव में केन्द्र की मौजूदा सरकार ने जो देश के युवाओं, किसानों के साथ विश्वासघात किया है, उस लड़ाई को ना केवल मजबूती से लड़ेगी अपितु जीतेगी और आप लोगों और जनता के समर्थन से दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में अच्छी सरकार का गठन किया जाएगा।