Edited By Punjab Kesari,Updated: 14 Jul, 2017 06:16 PM
उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में बृहस्पतिवार को एक गांव में पिता और पुत्र के बीच हुए विवाद में....
मथुरा(उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में बृहस्पतिवार को एक गांव में पिता और पुत्र के बीच हुए विवाद में फौजी पिता ने गुस्से में पुत्र पर गोली चलाई, लेकिन वह बहू को लग गई। बहू को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नौहझील थानाध्यक्ष संजय कुमार शुक्ला के अनुसार मामला गांव गढ़ी रायकरण का है। जहां रिटायर्ड फौजी अतर सिंह और उसके बेटे अजीत के बीच किसी बात पर वाद-विवाद हो गया। कुछ समय की तू-तू-मैं-मैं के बाद फौजी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाली और गोली चला दी। गोली अजीत के ना लगकर पुत्रवधू राधा को जा लगी।
उन्होंने बताया कि इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। उसके घरवाले तुरंत बहू राधा को शहर के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मौका मुआयना कर फौजी अतर सिंह के विरद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा उसकी तलाश की जा रही है।
जनपद में एक अन्य घटनाक्रम में पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए टाटा 407 में छिपाकर दिल्ली से आगरा की आेर ले जाई जा रही 200 पेटी अवैध शराब बरामद की है। इस मामले में वाहन चालक व सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है।