Edited By Punjab Kesari,Updated: 24 Nov, 2017 05:43 PM
उत्तर प्रदेश में अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। पुलिस अपराधियों पर लगाम कसने में पूरी तरह से विफल साबित हो रही हैं। ताजा मामला...
सहारनपुरः उत्तर प्रदेश में अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। पुलिस अपराधियों पर लगाम कसने में पूरी तरह से विफल साबित हो रही हैं। ताजा मामला सहारनपुर का है। जहां पर हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं विरोध करने पर एक बुजुर्ग किसान की हत्या कर दी और उसके पुत्र को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (देहात) विद्यासागर मिश्र ने बताया कि फंदपुरी पुलिस चौकी के पास भूरीबांस गांव में कुछ हथियारबंद लुटेरों ने किसान गोवर्धन सैनी (75) के घर में धावा बोला। लुटेरों ने परिवार के सभी सदस्यों को एकत्र कर उन्हे बंधक बनाने का प्रयास किया। गोवर्धन और उसके पुत्र सुबोध समेत परिवार के अन्य सदस्य बदमाशों से भिड़ गए।
उन्होंने बताया कि लुटेरों ने गोवर्धन की धारदार हथियार से हत्या कर दी जबकि सुबोध को गंभीर रूप से घायल कर दिया। लुटेरे लाखों के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सुबोध को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने बदमाशों की धर-पकड़ के लिए एक टीम गठित की है।