Edited By Ruby,Updated: 18 Nov, 2018 05:33 PM
उत्तर प्रदेश सरकार में बीजेपी की सांझीदार सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष काबीना मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी बीजेपी से नाता जोड़े रखने को लेकर सही समय पर निर्णय लेगी। अपनी ही सरकार पर लगातार हमले कर रहे राजभर ने...
लखनऊः उत्तर प्रदेश सरकार में बीजेपी की सांझीदार सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष काबीना मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी बीजेपी से नाता जोड़े रखने को लेकर सही समय पर निर्णय लेगी। अपनी ही सरकार पर लगातार हमले कर रहे राजभर ने बीजेपी की तरफ से खुद पर हुए पलटवार के बारे में अपने ख्यालात जाहिर करते हुए आज कहा कि ‘‘समय बताएगा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में हम एक साथ रहेंगे या नहीं। उन्होंने कहा ‘‘वैसे हम बीजेपी के साथ हैं। मगर गलत बात को हमेशा गलत कहते रहेंगे। हम अपनी पार्टी का संगठन बढ़ा रहे हैं। चुनाव आएगा तो देखा जाएगा।
राजभर से बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय के उस बयान के बारे में सवाल किया गया था, जिसमें उन्होंने राजभर को ‘आवश्यक बुराई‘ करार देते हुए कहा था कि वह उन्हें ढो रहे हैं। प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री राजभर ने कहा ‘‘हमें अनावश्यक क्यों ढो रहे हैं, हिम्मत हो तो हटा दें। सरकार को पिछड़ों के कल्याण का एक भी काम करने की फुरसत नहीं है। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने राज्य सरकार से सुभासपा को एक कार्यालय भवन आबंटित करने को कहा था, मगर नहीं दिया गया। साथ ही विभिन्न शासकीय निगमों में से एक अध्यक्ष दो उपाध्यक्ष पद देने को कहा था, वह भी नहीं हुआ। जाहिर है कि वह हमें अनावश्यक ही ढो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से 6 महीने पहले कहा गया था कि पिछड़ों के लिए कोटा में कोटा लागू किया जाए। इतना वक्त गुजर गया, मगर रत्ती भर प्रगति नहीं हुई। अब क्या करेंगे....क्योंकि दो-तीन माह बाद लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी हो जाएगी। सरकार का इन सब पर ध्यान नहीं है। वह बस, हमें ही देख रहे हैं। राजभर ने कहा कि प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष के हिसाब से लगभग 100 करोड़ हिन्दू उन्हीं के साथ हैं लेकिन फिर भी वह कमल संदेश यात्रा में मोटरसाइकिल लेकर सड़क पर घूम रहे हैं। समय ही बताएगा कि उन्हें कितना समर्थन मिल रहा है।