Edited By Punjab Kesari,Updated: 08 Jun, 2017 01:33 PM
उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी विभागों को एक सप्ताह के अंदर अपने-अपने विभाग का ट्विटर अकाउंट खोलने और....
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी विभागों को एक सप्ताह के अंदर अपने-अपने विभाग का ट्विटर अकाउंट खोलने और उस पर आई समस्याओं का निस्तारण कर अपने विभाग के कार्यों के बारे में बताने के निर्देश दिए हैं। सूचना विभाग के प्रमुख सचिव अवनीश अवस्थी ने यहां एक विभागीय कार्यशाला में निर्देश दिए कि सभी सरकारी विभाग एक सप्ताह के अंदर अपना ट्विटर अकाउंट खोलें।
जानकारी के अनुसार विभाग के इन ट्विटर एकाउंट से जनता की समस्याओं का समय से समाधान होगा तथा विभागों में आपस में सामंजस्य भी बनेगा। इसके साथ ही जनता सीधे सरकार से जुड़ सकेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सूचना विभाग से कहा था कि वह केंद्र सरकार की तर्ज पर उत्तर प्रदेश शासन के सभी विभागों को ट्विटर से जोड़े।
उत्तर प्रदेश के पुलिस विभाग के ट्विटर अकाउंट के एक लाख 77 हजार फालोअर हैं और यह जनता की समस्याओं को सुलझाने में मददगार साबित हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ट्विटर अकाउंट पर 5 लाख 22 हजार फालोअर हैं और वह इसका इस्तेमाल अपने रोजाना के कामों के बारे में जानकारी देने के लिए करते हैं।
राज्य पुलिस ने पिछले साल ट्विटर आधारित समाधान सेवा शुरू की थी, जिसके जरिए लाखों शिकायतों का निस्तारण किया गया। उत्तर प्रदेश देश का ऐसा पहला राज्य बना जहां शिकायतों का बेहतर ढंग से निस्तारण के लिए सभी थानों को ट्विटर सेवा से जोड़ा गया।
पूर्व में ऐसी पहल केन्द्र सरकार के विदेश मंत्रालय, रेलवे तथा वाणिज्य मंत्रालय द्वारा की गई थी। उत्तर प्रदेश में यह सम्पूर्ण प्रक्रिया ट्विटर के कस्टमर रिलेशन मैनेजमेंट प्लेटफार्म पर आधारित है। इसके जरिए शिकायतों को सम्बन्धित जिलों के पास भेजा जाता है।