Edited By Anil Kapoor,Updated: 27 Nov, 2018 02:40 PM
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजस्थान के मकराना में कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बंटवारे की राजनीति के कारण देश में आतंकवाद चरम सीमा पर था लेकिन....
लखनऊ\मकराना: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजस्थान के मकराना में कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बंटवारे की राजनीति के कारण देश में आतंकवाद चरम सीमा पर था लेकिन, आज आप देख सकते हैं कि जिन आतंकवादियों को कांग्रेस बिरयानी खिलाती थी उन्हें हम गोली खिलाते हैं। उन्होंने आगे कहा कांग्रेस हमारी सेना के जवानों से कहती थी कि जब आतंकवादी गोली चलाएं तभी गोली चलाना। क्या यह संभव है कि हम आतंकियों के गोली चलाने का इंतजार करें?
रैली को संबोधित करते समय योगी हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करना नहीं भूले। उन्होंने कहा जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तब कांग्रेस ने कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार केवल मुसलमानों का है। अगर मुसलमानों का ही अधिकार है तो देश का हिंदू कहां जाएगा। सीएम ने कहा कि ये कांग्रेस की नीतियों का ही परिणाम है कि देश में आतंकवाद सिर चढ़कर बोल रहा है।
योगी ने बीजेपी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि हमारी सरकार में दोषियों को कड़ी सजा मिल रही है। आज अगर कोई व्यक्ति भारत के संविधान को नहीं मानता है या देश के निर्दोष नागरिकों पर गोलियां चलाता है तो उसका स्थान इस धरती पर नहीं, यमराज के घर ही होगा।