Edited By Deepika Rajput,Updated: 11 Sep, 2018 05:25 PM
पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में विपक्ष के भारत बंद को अभूतपूर्व बताते हुए कांग्रेस ने जनता का शुक्रिया अदा किया है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने इसे विपक्ष का फ्लाप शो करार दिया है।
लखनऊः पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में विपक्ष के भारत बंद को अभूतपूर्व बताते हुए कांग्रेस ने जनता का शुक्रिया अदा किया है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने इसे विपक्ष का फ्लाप शो करार दिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर ने कहा कि अपनी पीड़ा और आक्रोश को अभिव्यक्ति पाती जनता इस बंद के आह्वान में स्वतः स्फूर्त सम्मिलित हो गई। सिर्फ आग्रह मात्र से दुकानों के शटर गिरने लगे और जनता बंद अभियान में सम्मिलित हो इसको एक जन आंदोलन का रूप देती दिखाई दी। उन्होंने कहा कि बंद को मिले अभूतपूर्व जन समर्थन से प्रदेश सरकार विचलित नजर आई तथा कई शहरों में इसकी बौखलाहट भी दिखाई पड़ी जब उन्होने प्रशासन एवं पुलिस के माध्यम से बंद को असफल बनाने का प्रयास किया। मेरठ एवं कानपुर में कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर भय का माहौल बनाने का प्रयास किया गया।
वहीं बीजेपी ने बंद को बेअसर करार देते हुए विपक्ष की हताशा का प्रतीक माना। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने बंद के दौरान जगह-जगह पर हुई हिंसक वारदातों की निन्दा करते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों द्वारा किए गए भारत बंद के आह्वान का समाज के सभी वर्गों ने विरोध किया, इसीलिए कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं ने बंद को सफल बनाने के लिए हिंसा का सहारा लिया। उन्होंने कहा कि देश की जनता नकारात्मक राजनीति करने वाली कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को लगातार नकार रही है, इसीलिए आज का भारत बंद पूर्ण रूप से असफल रहा।