Edited By Ruby,Updated: 13 Mar, 2019 03:27 PM
सहारनपुरः उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के देवबंद कोतवाली में भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर समेत 28 नामजद और करीब डेढ़ सौ अज्ञात लोगों पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मुकदमा दर्ज किया गया है..
सहारनपुरः उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के देवबंद कोतवाली में भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर समेत 28 नामजद और करीब डेढ़ सौ अज्ञात लोगों पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक (देहात) विद्यासागर मिश्र ने बताया कि चंद्रशेखर के अलावा संगठन के राष्ट्रीय महासचिव कमल वालिया, डॉ. मसूद, शिव कुमार, प्रवीण गौतम और नीतू गौतम नामजद आरोपियों में शामिल हैं। सभी पर भारतीय दण्ड संहिता की धारा 147, 188, 171, 341 और 353 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है लेकिन किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। मिश्र ने बताया कि मेरठ के आनंद नर्सिंग होम में भर्ती भीम आर्मी प्रमुख की हालत में सुधार है।
गौरतलब है कि देवबंद पुलिस ने मंगलवार दोपहर को दिल्ली तक पैदल यात्रा निकाल रहे चंद्रशेखर और उनके साथियों को पहले से अनुमति न लेने के कारण कासिमपुर गांव के पास हिरासत में लिया था। जिसके बाद चंद्रशेखर की तबीयत खराब हो गई थी और उन्हें मेरठ के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। इस बीच, चंद्रशेखर के समर्थन में देवबंद पहुंचे दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ अध्यक्ष बालाजी, अखिल भारतीय छात्र सभा (आइसा) के अध्यक्ष सुचित डे और संगठन के सचिव फरहान ने आज जिला प्रशासन पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार के इशारे पर काम कर रहा है और भीम आर्मी की पदयात्रा रोकना लोकतंत्र की हत्या है।