Edited By Punjab Kesari,Updated: 22 Oct, 2017 10:54 AM
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ताजमहल के महत्व को लेकर उठे विवादों के बीच 26 अक्टूबर को आगरा का दौरा करेंगे। इस दौरान वे करीब आधे घंटे तक ताजमहल में रहेंगे और शाहजहां और मुमताज की कब्र भी देखेंगे...
लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ताजमहल के महत्व को लेकर उठे विवादों के बीच 26 अक्टूबर को आगरा का दौरा करेंगे। इस दौरान वे करीब आधे घंटे तक ताजमहल में रहेंगे और शाहजहां और मुमताज की कब्र भी देखेंगे।
बता दें कि सीएम बनने के बाद पहली बार आगरा जा रहे योगी ताजमहल के अलावा फतेहपुर सीकरी, आगरा का किला और अन्य महत्वपूर्ण स्मारकों को भी देखने जाएंगे। इस दौरान वे यमुना के तट का भी निरीक्षण करेंगे और यहां के प्रस्तावित कॉरिडोर के बारे में भी जानकारी लेंगे।
गोरखपुर में सीएम योगी ने कहा था कि यह महत्व नहीं रखता कि इसे किसने और क्यों बनवाया। यह भारत माता के सपूतों के खून-पसीनों से बना है। इसकी सुरक्षा और पर्यटन की दृष्टि से आगे के विकास की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश सरकार की है। ताज महल हमारे लिए बहुत अहमियत रखता है।
ताजमहल के पश्चिमी गेट पर सीएम योगी 500 लोगों के साथ झाड़ू लगाएंगे। इनमें पार्टी कार्यकर्ता, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता समेत जिले के गणमान्य लोग शामिल होंगे। साथ ही ताज की महत्वता पर योगी भाषण भी करेंगे।