Edited By Ruby,Updated: 14 Jan, 2019 02:06 PM
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर यूं तो हमेशा ही अपने विवादित बयानों की वजह से सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस बार बयान देकर वह आलोचनाओं के शिकार हो गए हैं। दरअसल, राजभर ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हिन्दू-मुस्लिम के बीच...
अलीगढ़ः उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर यूं तो हमेशा ही अपने विवादित बयानों की वजह से सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस बार बयान देकर वह आलोचनाओं के शिकार हो गए हैं। दरअसल, राजभर ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हिन्दू-मुस्लिम के बीच नफरत फैलाने वाले नेताओं को जला डालो।
राजभर एक कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए अलीगढ़ पहुंचे थे। यहां उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए सवाल खड़ा किया कि सांप्रदायिक दंगों में केवल आम लोग ही क्यों मरते हैं, नेता क्यों नहीं मरते। क्या कोई बड़े राजनेता हिंदू-मुस्लिम दंगों में मारे गए? क्यों राजनेता नहीं मरते हैं? उन राजनेताओं को आग लगा दो जो आपको धर्म के आधार पर लड़ाने की कोशिश करते हैं, तब वे दूसरों को समझेंगे और ‘जलाना’ बंद करेंगे।”
इस दौरान उन्होंने अपने सहयोगी दल बीजेपी के बारे में बोलते हुए कहा कि वह यह बता दे कि लोकसभा चुनाव वह संयुक्त रूप से लड़ना चाहती है या नहीं। अगर उन्हें जल्द कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो वह यूपी की सभी लोकसभा सीटों पर सुभासपा अकेले ही चुनाव लड़ेगी।