Edited By Punjab Kesari,Updated: 12 Apr, 2018 03:22 PM
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा को लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए कहा कि यह समाज के भाईचारे को तोड़ने और विकास के मुद्दे को भटकाने के साथ साम्प्रदायिकता की आड़ में वोटों का ध्रुवीकरण करने की साजिश करती...
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा को लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए कहा कि यह समाज के भाईचारे को तोड़ने और विकास के मुद्दे को भटकाने के साथ साम्प्रदायिकता की आड़ में वोटों का ध्रुवीकरण करने की साजिश करती है। भाजपा से जनहित की आशा नहीं की जा सकती हैं। वह किसानों, नौजवानों, अल्पसंख्यकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। वह निहित स्वार्थों के लिए ही सत्ता चाहती है। इसलिए भाजपा को राष्ट्रहित में रोकना आवश्यकता है। उत्तर प्रदेश की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका होगी क्योंकि यहीं से भारत की राजनीतिक दिशा तय होगी।
यादव पार्टी मुख्यालय में प्रमुख नेताओं एवं पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा से समझदारी के साथ सावधान रहने और अपनी भाषा तथा व्यवहार में संयम बरतने को भी कहा। उन्होंने कहा समाजवादी अपने आचरण से ही मतदाताओं का समर्थन एवं सहयोग प्राप्त करते है। हम सब एकजुट रहेंगे तो भाजपा का अता-पता नहीं चलेगा। उपस्थित प्रतिनिधियों ने कहा कि यादव के वाणी, वचन और कर्म में कोई अंतर नहीं है। भारतीय राजनीति में निष्ठा और प्रतिबद्धता के वह उदाहरण हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा की साजिशों का सफलतापूर्वक मुकाबला होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज में कांटे बोती जा रही है तो अमन की खेती कैसे होगी।
सपा-बसपा गठबंधन से भाजपा में बौखलाहट
समाजवादी पार्टी (सपा)का बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से गठबंधन हुआ तो भाजपा में बौखलाहट हो गई हैं, विपक्ष की जानवरों से तुलना करने लगे हैं। यह राजनीति में नैतिक मूल्यों की गिरावट का उदाहरण है। वस्तुत: भाजपा के पास विकास का रास्ता नहीं हैं। जिसका सामाजिक एकता और सद्भाव में विश्वास नहीं है तो उसका लोकतंत्र में भी विश्वास नहीं है। जिसका समाजवाद में विश्वास नहीं उसका लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता में विश्वास कैसे होगा। लेकिन भाजपा तो धोखा देने और समाज को गुमराह करने की साजिशें रचने में माहिर है। उसके शासन में जनहित के मुद्दों के समाधान का रास्ता बंद है।
3 करोड़ मुकदमों में से 98 प्रतिशत गरीबों पर
उन्होंने कहा कि गरीबी और आर्थिक गैर बराबरी भारतीय समाज के पिछड़ेपन का परिणाम है। वहीं 3 करोड़ मुकदमों में से 98 प्रतिशत गरीबों के ऊपर मुकदमें हैं लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। 1310 जवान आत्महत्या कर चुके हैं। 28 महिलाएं रोज बलात्कार की शिकार होती हैं। गरीब ज्यादातर टीबी के शिकार हैं। सबसे ज् यादा 78 करोड़ नौजवान बेरोजगार है। निरक्षरता की दर काफी ज्यादा हैं। करोडों बच्चों के पास किताबे नहीं हैं।
दर-दर भटकने को मजबूर बेरोजगार नौजवान
यादव ने कहा कि भाजपा राज में किसान आत्महत्या कर रहे है। छोटे-छोटे उद्योग-धंधे बंद हो गए हैं। जी.एस.टी. ने व्यापार चैपट कर दिया हैं। अर्थव्यवस्था का हाल बुरा है। दस्तकारी को खतरा है। बेरोजगार नौजवान दर-दर भटकने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठे वादे करके बहकाती है। इतना ही नहीं 2 करोड़ नौकरियां, किसानों की कर्जमाफी, 15 लाख रुपए हर एक के खाते में जमा करने की बातें सिर्फ गुमराह करने के लिए की गई। जनता अब उसके झूठ से बखूबी वाकिफ हो गई हैं। सपा और बसपा के परस्पर सहयोग के बाद 2019 के चुनाव में प्रदेश की जनता फूलपुर-गोरखपुर का इतिहास दोहराएगी।